करमहा ओवरब्रिज पर जल्द जगमगाएगी रोशनी, दुर्घटनाओं पर लगेगा अंकुश ई सरवन निषाद

करमहा ओवरब्रिज पर जल्द जगमगाएगी रोशनी, दुर्घटनाओं पर लगेगा अंकुश चौरीचौरा। चौरीचौरा के विधायक ई. सरवन निषाद के प्रयासों से करमहा ओवरब्रिज की वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी पहल हुई है। डुमरी खास में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विधायक ने जिलाधिकारी दीपक मीणा को करमहा ओवरब्रिज पर प्रकाश व्यवस्था और सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। विधायक की बात को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मौके पर पहुंचे और ओवरब्रिज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि करमहा ओवरब्रिज पर शीघ्र ही स्ट्रीट लाइट लगवाई जाएगी, ताकि रात के समय आवागमन सुरक्षित हो सके। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए स्पीड ब्रेकर लगाने के प्रस्ताव पर भी सहमति जताई गई। आमकोल के प्रधान प्रतिनिधि दिलीप यादव द्वारा पूर्व में विधायक को दिए गए पत्रक में बताया गया था कि ओवरब्रिज पर लाइट न होने के कारण आए दिन वाहन अनियंत्रित होकर टकरा जाते हैं, जिससे गंभीर दुर्घटनाएं होती हैं। सरैया से ओवरब्रिज तक स्पीड ब्रेकर न होने से बीते एक वर्ष में दर्जनों सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान चली गई।