मंदिर की प्रतिमा उखाड़कर खोदाई से हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

मंदिर की प्रतिमा उखाड़कर खोदाई से हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी सीसीटीवी कैमरों से नहीं मिला सुराग, ग्रामीणों को जल्द खुलासे का भरोसा मौदहा, हमीरपुर। सिसोलर थाना क्षेत्र के गुप्ता मोहल्ले में स्थित प्राचीन बजरंगबली मंदिर में अराजकतत्वों द्वारा प्रतिमा उखाड़कर उसके नीचे खोदाई किए जाने की घटना से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने ग्रामीणों को घटना का शीघ्र खुलासा करने का भरोसा दिया है। ग्रामीणों के अनुसार गुप्ता मोहल्ले में ऊंचे चबूतरे पर करीब दो सौ वर्ष पुराना बजरंगबली मंदिर है। सोमवार रात अज्ञात लोगों ने मंदिर का गेट खोलकर दीवार में स्थापित बजरंगबली की प्रतिमा को उखाड़ दिया और उसके नीचे खोदाई शुरू कर दी। मंदिर के पास रहने वाले सुरिन्दी गुप्ता की अचानक नींद खुली तो उन्हें मंदिर की ओर से खोदाई की आवाज सुनाई दी। उन्होंने अपनी पत्नी को जगाने के लिए आवाज लगाई। आवाज सुनकर अज्ञात लोग मौके से भाग निकले। सुरिन्दी गुप्ता और उनकी पत्नी ने उन्हें ललकारा, लेकिन बारिश और रात के अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही प्रधान प्रतिनिधि विजय शंकर प्रजापति सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर क्षेत्राधिकारी राजकुमार पाण्डेय और स्थानीय पुलिस ने पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण फिलहाल कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों को भरोसा दिलाए जाने के बाद मंदिर में प्रतिमा की पुनः स्थापना की प्रक्रिया शुरू कराई गई।