राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिले गायत्री विद्यापीठ के बच्चे, दिव्यांशी सिंह को मिला राष्ट्रपति बैच

भगवा वेशभूषा में पहुंचे विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति और संस्कारों से खींचा सबका ध्यान बड़हलगंज। बाल दिवस के अवसर पर गोरखपुर जिले के गगहा क्षेत्र स्थित गायत्री विद्यापीठ संस्कारशाला, बासुडीहा के विद्यार्थियों को देश की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में मुलाकात करने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का गौरवपूर्ण अवसर मिला। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे गोरखपुर जनपद के लिए गर्व का विषय बन गई है। देशभर के लाखों विद्यालयों के बीच गायत्री विद्यापीठ का विशेष रूप से चयन किया जाना विद्यालय की शैक्षिक और संस्कारपरक गतिविधियों की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। राष्ट्रपति भवन में जब विद्यापीठ के विद्यार्थी भगवा कुर्ता-पायजामा और पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में पहुंचे तो वे वहां आकर्षण का केंद्र बन गए। उनकी सादगी, अनुशासन और भारतीय सनातन संस्कृति से जुड़ी वेशभूषा ने अन्य राज्यों से आए विद्यार्थियों और शिक्षकों का भी ध्यान आकर्षित किया। कई लोग बच्चों से मिलने और उनसे बातचीत करने के लिए उत्सुक नजर आए। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों विद्यार्थियों के बीच पूछे गए एक सवाल का सटीक जवाब देकर गायत्री विद्यापीठ की होनहार छात्रा दिव्यांशी सिंह ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी उत्कृष्ट प्रतिभा से प्रसन्न होकर उन्हें पुरस्कार स्वरूप राष्ट्रपति बैच प्रदान किया गया। यह सम्मान पूरे विद्यालय के लिए विशेष उपलब्धि बन गया और परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। इस दौरान राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने बच्चों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की और उन्हें स्नेह एवं आशीर्वाद दिया। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, जीवन में आगे बढ़ने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी। इस यादगार अवसर पर विद्यापीठ के आलोक सिंह, प्रभात सिंह, आलोक मिश्रा, दिव्यांशी सिंह, दिव्या गौड़, अभिषेक निषाद और आकाश गुप्ता ने महामहिम राष्ट्रपति के साथ तस्वीर भी खिंचवाई। गायत्री विद्यापीठ की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से बासुडीहा सहित पूरे बड़हलगंज, गगहा और आसपास के क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और संस्कारों को महत्व देने की परंपरा ही इस संस्थान को विशिष्ट पहचान दिला रही है।