दुर्गा पूजा स्थलों और विसर्जन घाटों का सीओ गीडा ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

हरपुर बुदहट गोरखपुर।बांसगांव संदेश हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र में स्थापित मां दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी गीडा आभा सिंह तथा थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने थाना क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा स्थलों और विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और क्षेत्र में गश्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में आमी नदी के कुआवल पुल, खुदवा नाला, कटाई टिकर सहित थाना क्षेत्र के विभिन्न घाटों और पूजा स्थलों का भ्रमण किया गया। अधिकारियों ने विसर्जन स्थलों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आयोजकों से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सतर्कता बरतने पर जोर दिया। क्षेत्राधिकारी आभा सिंह और थानाध्यक्ष प्रशांत पाठक ने संबंधित व्यवस्थाओं पर नजर रखते हुए पुलिसकर्मियों को त्योहार के दौरान सतर्क रहने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पहली प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस की ओर से क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में धार्मिक आयोजन संपन्न कर सकें।