गोरखपुर में चाइनीज मांझे ने ली युवक की जान,

गोरखपुर में चाइनीज मांझे ने ली युवक की जान, गर्दन कटने से दर्दनाक मौत; प्रतिबंध के बावजूद बिक्री जारी गोरखपुर, बांसगांव संदेश। शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का कहर एक बार फिर देखने को मिला। शनिवार को तिवारीपुर थाना क्षेत्र के इलाहीबाग बंधे पर चाइनीज मांझे की चपेट में आने से 35 वर्षीय रमेश कनौजिया की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सूरजकुंड निवासी रमेश कनौजिया मोटेहड़ से इलाहीबाग बंधे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हवा में लटक रहा धारदार चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में फंस गया। मांझे से गर्दन कटने के कारण गंभीर रूप से घायल रमेश सड़क किनारे गिर पड़े। राहगीरों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, रमेश किराने की दुकान पर काम करते थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है। पूर्व की घटनाओं के बावजूद चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी रोक नहीं लग पाने को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। प्रतिबंधित मांझे से लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए लोगों ने इसकी बिक्री और इस्तेमाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। #GorakhpurNews #ChineseManjha #GorakhpurAccident #TiwariPur #ChineseManjhaBan #UPNews #RoadSafety #BansgaonSandesh