डीजल-पेट्रोल की सुचारु आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश जारी *अब बोतल, डिब्बे
डीजल-पेट्रोल की सुचारु आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश जारी *अब बोतल, डिब्बे व ड्रम में ईंधन देने पर सख्ती, केवल वाहनों में ही मिलेगा पेट्रोल-डीजल* सुलतानपुर। जनपद में डीजल एवं पेट्रोल की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पूर्ति अधिकारी सुलतानपुर द्वारा महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। इस संबंध में सभी सहायक प्रबंधकों (खुदरा बिक्री) एवं जनपद के समस्त पेट्रोल पंप संचालकों को आदेश प्रेषित किया गया है। जारी निर्देशों के अनुसार अब पेट्रोल पंपों से पेट्रोल एवं डीजल बोतल, डिब्बे, ड्रम अथवा अन्य पात्रों में देने पर सख्ती बरती जाएगी। उपभोक्ताओं को ईंधन केवल वाहनों में ही उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि अनावश्यक भंडारण एवं कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके। जिला पूर्ति अधिकारी ने निर्देशित किया है कि पेट्रोल पंप संचालक अपने प्रतिष्ठानों पर ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें, जिससे आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही आवश्यकता अनुसार ही ईंधन वितरण किया जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता न होने पाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजल एवं पेट्रोल की आपूर्ति भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप ही की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आदेश में यह भी कहा गया है कि संबंधित अधिकारी नियमित निरीक्षण कर आपूर्ति व्यवस्था पर सतत निगरानी बनाए रखें, जिससे जनपद में ईंधन वितरण प्रणाली सुचारु रूप से संचालित होती रहे।