रेलवे पुल पार करते समय ट्रेन की चपेट में आई किशोरी, इलाज के दौरान मौत

रेलवे पुल पार करते समय ट्रेन की चपेट में आई किशोरी, इलाज के दौरान मौत उपेंद्र कुमार तिवारी गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर की गई थी 17 वर्षीय सहिना खातून, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दुद्धी, सोनभद्र। थाना क्षेत्र के टेढ़ा गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी सहिना खातून की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल किशोरी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेढ़ा गांव निवासी मुराद अहमद की पुत्री सहिना खातून मंगलवार सुबह करीब पांच बजे घर से निकली थी। इसी दौरान ठेमा नदी स्थित रेलवे पुल पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। किशोरी की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद किशोरी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद किशोरी के परिवार में शोक का माहौल है। हादसे की खबर से गांव में भी दुख की लहर दौड़ गई।