आस्था के सागर छठ पर्व में उमड़ा जनसैलाब, अस्ताचलगामी सूर्य को दिया गया अर्घ्य

आस्था के सागर में उमड़ा जनसैलाब, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने मांगी सुख-समृद्धि की कामना जखनिया (गाजीपुर)।लोकआस्था, श्रद्धा और पवित्रता के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर रविवार को जखनिया क्षेत्र सहित पूरे जनपद में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। व्रती महिलाओं एवं पुरुषों ने नदी, तालाबों और विभिन्न जलाशयों के घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्यदेव को विधि-विधान से संध्या अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता एवं खुशहाली की कामना की।जखनिया, पदमपुर, रामसिंहपुर, खेताबपुर, अतिगांवा, चलनी, दुल्लहपुर, जलालाबाद, सिखड़ी, सादात और शादियाबाद समेत जिले के विभिन्न गांवों में छठ महापर्व श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। व्रती महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी बांस के सूप और दउरे में ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना सहित विविध पूजन सामग्री सजाकर घाटों पर पहुंचीं। इसके बाद जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को जल एवं दूध से अर्घ्य अर्पित किया।पर्व की पवित्रता और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। उपजिलाधिकारी अतुल कुमार, राजस्व निरीक्षक धीरेंद्र प्रताप सिंह, लेखपालों एवं पुलिसकर्मियों ने विभिन्न पोखरों और घाटों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रियता से पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की व्यवस्था की गई।चार दिवसीय छठ महापर्व के इस पावन अवसर पर आस्था, अनुशासन और सामाजिक समरसता की अनुपम छटा देखने को मिली।