*बस का टायर फटने से ई-रिक्शा में टक्कर, चालक की मौत* 09

*बस का टायर फटने से ई-रिक्शा में टक्कर, चालक की मौत* 09 शिक्षक-शिक्षिकाएं और 04 बच्चे घायल, अस्पताल में चल रहा उपचार देवरियाजिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हाटा-गौरीबाजार मार्ग पर देवगांव मोड़ के समीप स्कूल बस का अगला टायर फटने से सड़क हादसा हो गया। टायर फटने के बाद अनियंत्रित हुई बस आगे चल रहे ई-रिक्शा से टकरा गई। हादसे में ई-रिक्शा चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि बस में सवार 09 शिक्षक-शिक्षिकाओं और ई-रिक्शा में सवार 04 बच्चों को चोटें आईं। पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8:20 बजे एसबीटी पब्लिक स्कूल की बस संख्या UP 52 T 7947 (FORCE) शिक्षकों को उनके निर्धारित स्थानों से लेकर विद्यालय की ओर जा रही थी। देवगांव मोड़ के पास अचानक बस के आगे बायीं ओर का टायर फट गया। इससे बस अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ई-रिक्शा से जा टकराई। हादसे में ई-रिक्शा चालक अकबर अली पुत्र मुकादीर, निवासी विशुनपुरा, थाना गौरीबाजार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेज दिया। दुर्घटना में बस में सवार 09 शिक्षक-शिक्षिकाओं और ई-रिक्शा में सवार 04 बच्चों को भी चोटें आईं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घायलों का हाल जानने के लिए क्षेत्राधिकारी सलेमपुर अस्पताल पहुंचे और घायलों तथा उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार एवं घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए आवश्यकतानुसार बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस द्वारा दुर्घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम है।