रुद्रपुर तहसील क्षेत्र में बिजली संकट गहराया, 16 घंटे बाद भी आपूर्ति बाधित

रुद्रपुर तहसील क्षेत्र में बिजली संकट गहराया, 16 घंटे बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं रुद्रपुर। रुद्रपुर तहसील क्षेत्र के पचलड़ी पावर हाउस से जुड़े पूरे कछारांचल इलाके में सोमवार रात आए तेज आंधी-तूफान के बाद बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। करीब 16 घंटे बीत जाने के बाद भी सप्लाई बहाल नहीं हो सकी, जिससे भीषण गर्मी में लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। बिजली कटौती के चलते ग्रामीणों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है। मोटर और पंप न चल पाने से लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। दिनभर उमस और गर्मी से बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि आंधी सामान्य थी, इसके बावजूद पूरे फीडर की सप्लाई घंटों से बंद है। आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं दिख रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। क्षेत्रवासियों ने जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने और खराब लाइनों की जांच कर स्थायी समाधान कराने की मांग की है।