Bansgaon Sandesh
Login
Krishna Prakash Pandey
Gorakhpurलगभग १ घंटा पहले

गीडा में औद्योगिक विकास के साथ सुरक्षित रहेगा किसानों का हित - प्रशांत त्रिपाठी

गीडा में औद्योगिक विकास के साथ सुरक्षित रहेगा किसानों का हित - प्रशांत त्रिपाठी

पिपरौली गोरखपुर । बांसगांव संदेश। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण 'गीडा' क्षेत्र के अंतर्गत पिपरौली ब्लॉक के ककना गांव में गुरुवार को स्थानीय ग्रामीणों और प्रबुद्ध वर्ग के बीच एक सकारात्मक संवाद कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान भारत सरकार के अधिवक्ता व जाने-माने समाजसेवी प्रशांत त्रिपाठी ने क्षेत्र का दौरा कर ग्रामीणों व किसानों से सीधा संपर्क साधा। संवाद के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार विकास और किसान कल्याण के बीच बेहतर समन्वय बनाकर काम कर रही है, जहां उद्योगों की स्थापना के साथ-साथ अन्नदाताओं के हितों की रक्षा सर्वोपरि है। जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों ने गीडा क्षेत्र में हो रहे भूमि अधिग्रहण को लेकर अपनी कुछ शंकाएं और चिंताएं साझा कीं। इस पर अधिवक्ता प्रशांत त्रिपाठी ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पूरी तरह से किसान हितैषी है और हमेशा सकारात्मक, पारदर्शी व न्यायपूर्ण निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सूबे का औद्योगिक विकास इस तरह खाका तैयार कर किया जा रहा है, जिससे स्थानीय रोजगार बढ़े और किसी भी किसान के हितों की अनदेखी न हो। उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र की आर्थिक प्रगति और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए गीडा का विस्तार बेहद आवश्यक है। हालांकि, सरकार की मंशा हमेशा से यह रही है कि विकास की इस प्रक्रिया में किसानों की आजीविका पर आंच न आए। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि स्थानीय प्रशासन, गीडा प्राधिकारियों और शासन स्तर पर बातचीत कर किसानों की भावनाओं और उनकी जायज मांगों को बेहद संवेदनशीलता के साथ रखा जाएगा ताकि हर कदम न्यायसंगत और सर्वहितकारी हो। इस अवसर पर भोला नाथ मौर्य, राम बचन मौर्य, इंदल, गोपाल निषाद, राइस, अश्वनी, राजेश समेत बड़ी संख्या में स्थानीय किसान और सम्मानित ग्रामीण उपस्थित रहे।

0 likes
0 comments0 shares