अखण्डनगर, सुल्तानपुर अखण्डनगर थाना क्षेत्र के बरामदपुर गांव में तेज अंधड़ के
अखण्डनगर, सुल्तानपुर अखण्डनगर थाना क्षेत्र के बरामदपुर गांव में तेज अंधड़ के चलते एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। अचानक आए तेज तूफान के कारण एक कच्चे मकान का छज्जा और दीवार भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से 8 वर्षीय मासूम सुरेमन की मौके पर ही मौत हो गई। वह स्वर्गीय विजय बहादुर का पुत्र और सेवानिवृत्त अनुचर सतई कहार का पौत्र था। हादसे में परिवार के दो अन्य बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में विकास कुमार गौड़ (16) पुत्र राजबहादुर तथा किशन (11) पुत्र ओमप्रकाश शामिल हैं। दोनों को तत्काल एम्बुलेंस से जिला अस्पताल अंबेडकरनगर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है और हालत नाजुक बताई जा रही है। इस घटना में परिवार को भारी आर्थिक नुकसान भी हुआ है। मलबे में दबकर दो गाय और एक बकरी की भी मौत हो गई, जो परिवार की आजीविका का मुख्य साधन थीं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। उपजिलाधिकारी कादीपुर उत्तम कुमार तिवारी और तहसीलदार उमेश चन्द्र यादव भी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों के अनुसार, तेज अंधड़ के कारण दीवार कमजोर हो गई और छप्पर गिरने से यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जर्जर मकानों के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।