मिशन शक्ति की पहल पर 24 घंटे के भीतर सुलझा पति-पत्नी का पारिवारिक विवाद

मिशन शक्ति की पहल पर 24 घंटे के भीतर सुलझा पति-पत्नी का पारिवारिक विवाद भुड़कुड़ा मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने काउंसलिंग के जरिए दोनों पक्षों के बीच कराया सुलह-समझौता जखनियां (गाजीपुर)।मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत थाना भुड़कुड़ा की मिशन शक्ति केंद्र टीम ने सराहनीय पहल करते हुए महिला की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की। टीम ने महज 24 घंटे के भीतर पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद को काउंसलिंग के माध्यम से सुलझाते हुए दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से सुलह-समझौता कराया।प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना भुड़कुड़ा मिशन शक्ति केंद्र पर ग्राम विजहरी निवासी रंजना प्रजापति पत्नी मनीष प्रजापति ने अपने पति के साथ पारिवारिक विवाद को लेकर प्रार्थना पत्र दिया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया।पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देशन में संचालित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत अपर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा के पर्यवेक्षण में टीम ने पति-पत्नी की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी बातचीत, समझाइश और सकारात्मक काउंसलिंग कराई गई। पुलिस टीम के प्रयास से दोनों पक्ष आपसी सहमति पर पहुंचे और उनके बीच सुलह-समझौता हो गया।इस दौरान मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने दोनों को आपसी प्रेम, विश्वास और सामंजस्य बनाए रखने तथा पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सुखद पारिवारिक जीवन व्यतीत करने के लिए प्रेरित किया।इस सराहनीय कार्रवाई में उपनिरीक्षक धीरेंद्र सिंह, महिला कांस्टेबल हिमांशू मौर्या तथा महिला कांस्टेबल सारिका यादव शामिल रहीं।पुलिस विभाग की ओर से बताया गया कि उत्तर प्रदेश पुलिस महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं से जुड़ी शिकायतों एवं पारिवारिक विवादों का संवाद और काउंसलिंग के जरिए समाधान कराने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। पुलिस ने जरूरत पड़ने पर महिलाओं से हेल्पलाइन नंबर 181, 1090 और आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क करने की अपील की है। बच्चों से संबंधित सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 भी उपलब्ध है।