Bansgaon Sandesh
Login
Krishna Prakash Pandey
Gorakhpurलगभग २ घंटे पहले

गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब ने पत्रकार अग्निवेश सिंह हत्याकांड में कार्रवाई की उठाई मांग

गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब ने पत्रकार अग्निवेश सिंह हत्याकांड में कार्रवाई की उठाई मांग

गोरखपुर। बांसगांव संदेश। गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब ने पत्रकार एवं अधिवक्ता अग्निवेश सिंह की हत्या के मामले में प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रेस क्लब की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि मुकदमा अपराध संख्या 100/2026 में नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होना अत्यंत चिंताजनक है, जिससे स्थानीय थाना की भूमिका शुरू से ही संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि हत्या के बाद पीड़ित परिवार पर ही दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है तथा परिजनों के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज कर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। मृतक अग्निवेश सिंह अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे और उनकी हत्या के बाद परिवार गंभीर आर्थिक व मानसिक संकट से गुजर रहा है। प्रेस क्लब ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर से मांग की है कि मामले में सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए तथा प्रकरण का फास्ट ट्रैक ट्रायल कराया जाए। साथ ही दोषी प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की भी मांग की गई है। इसके अलावा, मृतक के पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी की गोरखपुर एवं बीआरडी मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टरों से पुनः समीक्षा कराने, पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे को समाप्त करने की मांग भी की गई है। प्रेस क्लब ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो पत्रकार समाज आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

0 likes
0 comments0 shares