यातायात माह में पुलिस का सख्त अभियान, 335 वाहनों का चालान, 4.05 लाख रुपये का जुर्माना

यातायात माह में पुलिस का सख्त अभियान, 335 वाहनों का चालान, 4.05 लाख रुपये का जुर्माना बिरनो टोल प्लाजा सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर हुई सघन चेकिंग, मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और ब्लैक फिल्म वाले वाहन निशाने पर गाजीपुर।यातायात माह एवं सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत गाजीपुर पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। शनिवार, 21 नवंबर को बिरनो टोल प्लाजा सहित जनपद के विभिन्न स्थानों पर यातायात पुलिस और एआरटीओ की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर कुल 335 वाहनों का चालान किया तथा लगभग 4 लाख 5 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया।अपर पुलिस महानिदेशक यातायात लखनऊ एवं पुलिस अधीक्षक गाजीपुर विनय कुमार सिंह के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश कुमार मिश्र और क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण में यह अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान विशेष रूप से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच की गई।चेकिंग के दौरान मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, वाहनों पर लगी ब्लैक फिल्म, अवैध रूप से हूटर और सायरन का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके साथ ही नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों पर भी पुलिस की विशेष नजर रही। संयुक्त टीम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने की हिदायत दी।पुलिस की इस कार्रवाई से यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही। गाजीपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। निर्धारित गति सीमा का पालन करें और नशे की हालत में कभी भी वाहन न चलाएं। पुलिस ने सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।