शौचालय के सेप्टिक टैंक में गिरकर बच्चे की मौत, ग्राम पंचायत अधिकारी निलंबित।
शौचालय के सेप्टिक टैंक में गिरकर बच्चे की मौत, ग्राम पंचायत अधिकारी निलंबित। *देवरिया, 08 अक्टूबर।* विकास खंड बैतालपुर की ग्राम पंचायत उधोपुर में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत शौचालय निर्माण के दौरान करीब चार वर्षीय बच्चे की सेप्टिक टैंक में गिरने से हुई मौत के मामले में जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्राम पंचायत अधिकारी सोनू कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि ग्राम पंचायत उधोपुर निवासी गीता देवी पत्नी दीनानाथ प्रसाद को शौचालय निर्माण के लिए प्रथम किस्त जारी की गई थी। वाटर लॉगिंग की समस्या के कारण लाभार्थी द्वारा शौचालय के लिए सेप्टिक टैंक का निर्माण कराया जा रहा था। निर्माण के दौरान करीब चार वर्षीय बालक टैंक में गिर गया, जिससे उसकी आकस्मिक मृत्यु हो गई। जांच में पाया गया कि सेप्टिक टैंक का निर्माण निर्धारित मानक से काफी बड़ा कराया गया था। संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा अपने पर्यवेक्षणीय दायित्वों का समुचित निर्वहन न करने तथा लाभार्थी द्वारा मानकों के विपरीत निर्माण कराए जाने को घटना का कारण माना गया है। प्रकरण में जिलाधिकारी के 7 अक्टूबर 2026 के अनुमोदन के क्रम में ग्राम पंचायत अधिकारी सोनू कुमार यादव को निलंबित करते हुए निलंबन अवधि में उन्हें विकास खंड गौरीबाजार से संबद्ध किया गया है। मामले की विभागीय जांच के लिए सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी (प्राविधिक), देवरिया को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जांच अधिकारी को नियमानुसार आरोप पत्र तैयार कर अनुमोदन के बाद संबंधित कर्मचारी को उपलब्ध कराने तथा एक माह के भीतर जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।