गोरखपुर में मां के प्रेमी पर पांच वर्षीय मासूम आरुष की हत्या का आरोप,: कार से ले जाकर राप्ती नदी में फेंकने का दावा

कार से ले जाकर राप्ती नदी में फेंकने का दावा बाघागाड़ा के पास नदी में बच्चे की तलाश में जुटी पुलिस, पूछताछ में आरोपी ने वारदात स्वीकार करने की बात आई सामने बांसगांव संदेश | गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार स्थित मानस विहार कॉलोनी से पांच वर्षीय मासूम आरुष शर्मा के लापता होने का मामला गंभीर मोड़ ले चुका है। बच्चे की हत्या कर शव राप्ती नदी में फेंकने का आरोप उसकी मां के प्रेमी रितिक यादव पर लगा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बच्चे को कार से बाघागाड़ा स्थित राप्ती नदी के किनारे ले जाकर शव नदी में फेंकने की बात स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस की टीमें नदी में बच्चे के शव की तलाश कर रही हैं। जानकारी के अनुसार, महराजगंज जिले के मटिया निवासी रूबी शर्मा की शादी करीब दस वर्ष पहले गोरखपुर जिले के सहजनवां क्षेत्र के मटियरा निवासी देवनंदन शर्मा से हुई थी। दंपती के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा अपने ननिहाल में रहता है, जबकि पांच वर्षीय आरुष अपनी मां के साथ गोरखपुर में रह रहा था। पति-पत्नी के बीच पिछले करीब दो वर्षों से तलाक का मुकदमा चल रहा है। बताया जा रहा है कि इसी दौरान रूबी के संबंध अपनी ससुराल में रहने वाले रितिक यादव से हो गए थे। इसके बाद दोनों शाहपुर थाना क्षेत्र के मानस विहार कॉलोनी में किराये के मकान में रहने लगे। रितिक अपने ममेरे भाई की कार चलाता था। दोनों के बीच अक्सर विवाद होने की बात भी सामने आई है। रूबी घरों में काम करके परिवार का खर्च चलाती थी। आरोप है कि गुरुवार की सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच रूबी काम पर गई हुई थी। इसी दौरान रितिक कार लेकर मानस विहार कॉलोनी पहुंचा और घर में सो रहे पांच वर्षीय आरुष को उठाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद वह बच्चे को बाघागाड़ा स्थित राप्ती नदी के किनारे ले गया। आरोप है कि वहां बच्चे की हत्या करने के बाद उसका शव नदी में फेंक दिया गया। बच्चे के लापता होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान संदेह के आधार पर रितिक यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बच्चे को नदी में फेंकने की बात स्वीकार की है। इसके बाद पुलिस ने बाघागाड़ा क्षेत्र में राप्ती नदी के आसपास तलाश अभियान तेज कर दिया। पुलिस घटनास्थल और मानस विहार कॉलोनी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बच्चे को ले जाने और घटना से संबंधित परिस्थितियों की पुष्टि की जा सके। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह के मुताबिक, पुलिस की टीमें बाघागाड़ा के पास राप्ती नदी में बच्चे के शव की तलाश कर रही हैं। नदी में तलाशी अभियान जारी है। शव बरामद होने और अन्य साक्ष्य सामने आने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से क्षेत्र में चिंता और आक्रोश का माहौल है। परिजन मासूम आरुष की तलाश और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल सभी की निगाहें पुलिस के तलाशी अभियान और जांच के नतीजों पर टिकी हैं। पुलिस पक्ष: एसपी सिटी निमिष पाटिल का बयान। मृतक बच्चा: आरुष शर्मा, उम्र पांच वर्ष। फाइल फोटो: आरोपी रितिक यादव।