कैशलेस इलाज से वंचित कर्मचारियों के लिए एसोसिएशन ने उठाई आवाज,एमएलसी से
कैशलेस इलाज से वंचित कर्मचारियों के लिए एसोसिएशन ने उठाई आवाज,एमएलसी से की हस्तक्षेप की मांग सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद कर्मचारी एसोसिएशन अयोध्या मंडल ने सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल के शिक्षक-कर्मचारियों तथा बेसिक शिक्षा परिषद के लिपिक व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ दिलाने की मांग उठाई है। इस संबंध में मंडलीय अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह 'पिंटू' ने विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपकर शासन स्तर पर प्रभावी पहल करने का अनुरोध किया है।ज्ञापन में कहा गया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शिक्षकों,शिक्षा मित्रों,अनुदेशकों समेत विभिन्न वर्गों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय सराहनीय है,लेकिन सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल के शिक्षक-कर्मचारी तथा बेसिक शिक्षा परिषद के लिपिक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अभी भी इस सुविधा से वंचित हैं।एसोसिएशन ने एमएलसी से मांग की है कि उपेक्षित कर्मचारियों को भी कैशलेस इलाज योजना के दायरे में शामिल कराया जाए,ताकि उन्हें भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।