बांसगांव संदेश बरहज दिव्यांगजनों के लिए तहसीलवार लगेंगे कल्याणकारी शिविर देवरिया, 17
बांसगांव संदेश बरहज दिव्यांगजनों के लिए तहसीलवार लगेंगे कल्याणकारी शिविर देवरिया, 17 अगस्त। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी ने बताया कि जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” की भावना के साथ जनपद की तहसीलों में कल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविरों में दिव्यांगजनों को विभाग की योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिविर में ऐसे दिव्यांगजनों का चिन्हांकन किया जाएगा, जिनके हाथ या पैर कटे हैं और जिन्हें कैलीपर अथवा अन्य कृत्रिम अंग की आवश्यकता है। इसके अलावा पात्र दिव्यांग छात्राओं को ई-ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के लिए भी चिन्हांकन किया जाएगा। विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शिविर में मौजूद रहकर विभिन्न योजनाओं से संबंधित समस्याओं का निराकरण करेंगे। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने जनपद के दिव्यांगजनों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने तथा अपनी समस्याओं का समाधान कराने की अपील की है। कृत्रिम अंग एवं ई-ट्राईसाइकिल के लिए चिन्हांकन कराने वाले दिव्यांगजन दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड साथ लेकर आएं। भाटपाररानी तहसील परिसर में 18 अगस्त, बरहज तहसील परिसर में 19 अगस्त, सलेमपुर तहसील परिसर में 21 अगस्त तथा रुद्रपुर तहसील परिसर में 24 अगस्त को शिविर आयोजित किया जाएगा। सभी शिविर पूर्वाह्न 10 बजे से शुरू होंगे।