बहुभोज के दौरान चली गोली, 22 वर्षीय युवक की मौके पर मौत से मचा हड़कंप
मिर्जापुर बांसगांव संदेश। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम नारीबारी में 1 मई 2026 को आयोजित बहुभोज कार्यक्रम उस समय मातम में बदल गया, जब एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया कि अजय (22) पुत्र भूतनाथ रैदास को बुंदेला पुत्र रघुनाथ निवासी राजापुर, थाना कोतवाली देहात ने गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया और कार्यक्रम में शामिल लोग भयभीत होकर इधर-उधर भागने लगे। मृतक के पिता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपी बुंदेला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखी गई है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।