Bansgaon Sandesh
Login
Nitish Kumar
Gorakhpur१ मिनट पहले

पड़ौली बाजार में हरे पेड़ों के अवैध कटान का आरोप, सड़क किनारे लकड़ी के ढेर से हादसे का खतरा

पड़ौली बाजार में हरे पेड़ों के अवैध कटान का आरोप, सड़क किनारे लकड़ी के ढेर से हादसे का खतरा

------------------- एक ही गांव में आठ आरा मशीनें संचालित होने का दावा, ग्रामीणों ने जांच और कार्रवाई की उठाई मांग...... गोला थाना क्षेत्र का पड़ौली बाजार क्षेत्र हरे पेड़ों के कथित अवैध कटान और लकड़ी के कारोबार को लेकर चर्चा में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से बड़े पैमाने पर हरे पेड़ों की कटाई कर लकड़ी का अवैध कारोबार किया जा रहा है। इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचने के साथ ही सड़क किनारे लकड़ी रखे जाने से हादसे का खतरा भी बना हुआ है। विनय, अभिषेक तिवारी, आलोक, गुड्डू राय, दिलीप जायसवाल, महेश राय, आशीष वर्मा, अमित तिवारी और अनूप तिवारी सहित अन्य के अनुसार, पड़ौली बाजार क्षेत्र में पेड़ों की कटाई के बाद लकड़ी की चिराई कर उसे गोला-कौड़ीराम मार्ग के किनारे रखा जाता है। बताया गया कि सड़क की पटरी पर करीब एक किलोमीटर से अधिक दूरी तक लकड़ी रखी होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है। वाहनों के पटरी पर उतरने की स्थिति में दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस मार्ग पर पहले भी लकड़ी के कारण कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि एक ही ग्राम में करीब आठ आरा मशीनें संचालित हैं, जहां दिन-रात लकड़ी की चिराई का काम चलता है। आरोप है कि क्षेत्र से काटे गए हरे पेड़ों की लकड़ी प्रतिदिन बड़ी संख्या में यहां पहुंचती है और चिराई के बाद विभिन्न स्थानों पर भेजी जाती है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पीपल, बरगद, पाकड़, महुआ और आम सहित प्रतिबंधित हरे पेड़ों की कटाई लगातार जारी है। हालांकि, वन विभाग और पुलिस प्रशासन पर संरक्षण देने के लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और संबंधित विभागों की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और वन विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अवैध कटान पर रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वन क्षेत्राधिकारी सर्वजीत सिंह ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और अवैध कटान में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

0 likes
0 comments0 shares