बड़हलगंज–दोहरीघाट पुल पर सुरक्षा जाली लगाने की मांग, अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

बड़हलगंज। बड़हलगंज–दोहरीघाट पुल पर लगातार हो रही आत्महत्या की घटनाओं को देखते हुए चिल्लूपार संघर्ष समिति एवं समाजसेवियों ने पुल पर सुरक्षा जाली लगाए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में नगर पंचायत दोहरीघाट के अध्यक्ष विनय जायसवाल को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया है कि बड़हलगंज–दोहरीघाट पुल से आए दिन लोगों के कूदने की घटनाएं सामने आती हैं, जिनमें कई लोगों की जान चली जाती है। ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुल के दोहरीघाट क्षेत्र की सीमा में सुरक्षा जाली लगाना आवश्यक है। इससे लोगों के पुल से कूदने की घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकेगी और मानव जीवन की रक्षा होगी। ज्ञापन देने वालों ने नगर पंचायत अध्यक्ष से जनहित को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सुरक्षा जाली लगाने की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया। ज्ञापन देने वालों में बबलू राय, अध्यक्ष, चिल्लूपार संघर्ष समिति, बड़हलगंज तथा सूरज कसौधन, समाजसेवी, बड़हलगंज प्रमुख रूप से शामिल रहे।