बांसगांव संदेश बरहज,डीएम की पहल पर एनएच-727 बी के चार खातेदारों की समस्या का
डीएम की पहल पर एनएच-727 बी के चार खातेदारों की समस्या का हुआ समाधान देवरिया, 19 अगस्त। तहसील सलेमपुर क्षेत्र के शिकायतकर्ता विक्रम प्रसाद ने जनता दर्शन में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के समक्ष एनएच-727 बी के निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि के मुआवजे से वंचित चार खातेदारों को भुगतान दिलाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। प्रार्थना पत्र में बताया गया कि आराजी संख्या 1382, मौजा बरसीपार, तप्पा बरसीपार की अधिग्रहित भूमि में कुल 13 सहखातेदार हैं। इनमें नौ खातेदारों को मुआवजे की धनराशि का भुगतान हो चुका है, जबकि चार खातेदार मुआवजे से वंचित हैं। शिकायतकर्ता ने संबंधित अभिलेखों एवं हिस्सेदारी के आधार पर जांच कर शेष खातेदारों को भी मुआवजा दिलाने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके क्रम में उप भूमि अध्याप्ति कार्यालय, देवरिया, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, गोरखपुर तथा तहसील सलेमपुर की संयुक्त टीम द्वारा आदेश के अनुपालन में खसरा संख्या-1382 की पैमाइश की गई। टीम द्वारा की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मुख्य राजस्व अधिकारी को सौंप दी गई है। संबंधित अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई से जिलाधिकारी को भी अवगत कराया गया है। कार्रवाई होने पर शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया।