श्री शतचंडी महायज्ञ व श्रीराम कथा अमृतोत्सव का भव्य शुभारंभ, कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

घघसरा गोरखपुर। गोरखपुर जनपद के विकासखंड पाली अंतर्गत ग्राम चड़राँव स्थित श्री समय माता मंदिर परिसर में आयोजित श्री शतचंडी महायज्ञ एवं श्रीराम कथा अमृतोत्सव का भव्य शुभारंभ मंगलमय वातावरण में हुआ। सुबह निकली भव्य कलश यात्रा में “जय श्रीराम” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कलश यात्रा और उद्घाटन समारोह में भूतपूर्व जिला अध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, ब्लॉक प्रमुख शशि प्रताप सिंह, अवनीश कुमार उर्फ रोशन सिंह, अशोक सिंह, ग्राम प्रधान अशोक सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। इस पावन अवसर पर प्रवचनकर्ता श्री श्री 1008 किशोरी शरण जी महाराज श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का अमृतपान कराएंगे। आयोजन समिति के अनुसार यह धार्मिक अनुष्ठान 27 जनवरी 2026 से 05 फरवरी 2026 तक चलेगा, जिसका समापन यज्ञ पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा। आयोजन समिति ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण व यज्ञ में सहभागिता करने की अपील की है।