जानकीपुरम में 10 करोड़ की लाइब्रेरी के निर्माण पर सवाल, पार्षद बोलीं-

जानकीपुरम में 10 करोड़ की लाइब्रेरी के निर्माण पर सवाल, पार्षद बोलीं- एक साल में खराब हुए 3 पार्क, ठेकेदार के पुराने कामों की जांच हो *लखनऊ।* राजधानी के जानकीपुरम प्रथम वार्ड में 10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाली लाइब्रेरी के निर्माण पर विवाद खड़ा हो गया है। वार्ड 31 की पार्षद निशा तिवारी ने लाइब्रेरी का काम कर रहे ठेकेदार की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए नगर आयुक्त को पत्र लिखा है। पार्षद ने अपने पत्र में ठेकेदार द्वारा पहले किए गए निर्माण कार्यों की जांच कराने की मांग की है। *एक साल में ही खराब होने लगे पार्क* पार्षद निशा तिवारी ने बताया कि इसी फर्म ने पिछले साल जानकीपुरम प्रथम वार्ड में 3 पार्कों और एक सड़क का निर्माण कराया था, लेकिन एक साल के भीतर ही इन कामों में कमियां दिखने लगी हैं। पार्कों में प्लास्टर उखड़ने लगा है, पेंट की क्वालिटी भी खराब बताई गई है, इसके अलावा कई दूसरी कमियां भी सामने आई हैं। *लाइब्रेरी के काम की गुणवत्ता पर उठाए सवाल* पार्षद ने कहा कि जब छोटे काम एक साल में ही खराब होने लगे हैं, तो 10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाली लाइब्रेरी के निर्माण की गुणवत्ता को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है। उन्होंने नगर आयुक्त से 3 पार्कों और सड़क का तकनीकी निरीक्षण कराने और निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री की गुणवत्ता जांचने की मांग की है। पार्षद ने कहा कि जांच में कमी या लापरवाही मिलने पर ठेकेदार या फर्म के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इससे जनता के पैसे की सुरक्षा और बेहतर सार्वजनिक संपत्ति का निर्माण सुनिश्चित होगा।