डीएम ने 11 अगस्त को आईटीआई परिसर में आयोजित होने वाले वृहद
डीएम ने 11 अगस्त को आईटीआई परिसर में आयोजित होने वाले वृहद रोजगार मेले की तैयारियां पूरी करने के दिए निर्देश 19 प्रतिष्ठित कंपनियां करेंगी मेले में प्रतिभाग दक्षता, कौशल एवं योग्यता के अनुरूप युवक-युवतियों को मिलेगा रोजगार 15 से 25 हजार रुपये मासिक वेतन पर मिलेंगे रोजगार के अवसर देवरिया। आगामी 11 अगस्त को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), देवरिया परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में 19 प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी, जो युवक-युवतियों की दक्षता, कौशल एवं योग्यता के अनुरूप उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने रोजगार मेले की सभी तैयारियां एवं आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश नोडल अधिकारी एवं प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई देवरिया के.के. राम को दिए हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले में अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि इच्छुक अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराया जा सके। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ब्लॉक स्तर से लेकर जनपद स्तर तक रोजगार के इच्छुक सभी अभ्यर्थियों को मेले में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इसलिए इसमें अधिकाधिक संख्या में अभ्यर्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए और कंपनियों द्वारा उनकी दक्षता, कौशल एवं योग्यता के आधार पर सेवायोजन किया जाए। प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई देवरिया के.के. राम ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने मूल आवेदन पत्र एवं आवश्यक अभिलेखों के साथ 11 अगस्त को प्रातः 8:30 बजे आईटीआई परिसर में आयोजित रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि मेले में प्रतिभाग करने वाली प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। कंपनियों द्वारा न्यूनतम 15,000 से 25,000 रुपये तक के वेतन पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाने की संभावना है। उन्होंने जनपद के अधिक से अधिक युवाओं से रोजगार मेले में प्रतिभाग कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।