मुख्यमंत्री ने तरकुलहा धाम में श्रमदान करने वाले युवाओं को बुलाकर उत्साहवर्धन किया

चौरी चौरा गोरखपुर।पूर्वांचल के प्रमुख शक्तिपीठ मां तरकुलहा देवी धाम परिसर स्थित ऐतिहासिक पोखरे की श्रमदान से सफ़ाई करने वाले युवाओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया। तरकुलहा धाम पोखरे में जलकुंभी और गंदगी से श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी को देखते हुए गांव भाऊपुर (बंजारी देवी, चौरी-चौरा) के दो युवाओं अनुपम गुप्ता और करन निषाद ने स्वप्रेरणा से सफाई का बीड़ा उठाया। दोनों युवाओं ने पांच सितंबर से प्रतिदिन श्रमदान कर पोखरे से जलकुंभी और गंदगी हटाने का कार्य शुरू किया। बिना किसी स्वार्थ के श्रद्धा और सेवा भाव से किए जा रहे इस कार्य को देखकर मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं ने भी युवाओं की सराहना की। मां तरकुलही देवी धाम ट्रस्ट और व्यापार मंडल ने भी उनके सेवा भाव और समर्पण की प्रशंसा की और सहयोग किया। युवाओं की इस पहल की जानकारी मुख्यमंत्री तक पहुँची तो बुधवार को एसडीएम चौरी-चौरा ने अनुपम गुप्ता और करन निषाद से फोन पर संपर्क कर बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें मिलने के लिए बुलाया है। इसके बाद एसडीएम चौरी चौरा के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से दोनों युवाओं ने मुलाकात की उन्होंने उनके साथ फोटो खिंचवाई और आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री ने पोखरे की सफाई के लिए उनके द्वारा किए जा रहे श्रमदान और सेवा भाव की सराहना करते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि मां तरकुलहा देवी धाम के सामने स्थित प्राचीन पोखरे का सुंदरीकरण और स्थायी जीर्णोद्धार जल्द कराया जाएगा।