मेजा के लोहारी बारी में अवैध मिट्टी खनन तेज, प्रशासन मौन थाना

मेजा के लोहारी बारी में अवैध मिट्टी खनन तेज, प्रशासन मौन थाना मेजा के सिरसा चौकी अंतर्गत लोहारी बारी गांव में गुरुवार को अवैध रूप से मिट्टी खनन का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि दिनदहाड़े जेसीबी मशीनों से धरती का सीना चीरकर मिट्टी की खुदाई की जा रही है, लेकिन संबंधित विभाग इस ओर से पूरी तरह अनभिज्ञ बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार लोहारी बारी क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार मिट्टी खनन का कार्य जारी है। गुरुवार को खनन गतिविधियां और तेज देखी गईं। भारी मशीनों से खेतों और खाली पड़ी जमीन से मिट्टी निकालकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से अन्य स्थानों पर भेजी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बिना किसी वैध अनुमति के यह कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खनन करने वालों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे खुलेआम दिन में काम कर रहे हैं। सिरसा चौकी पुलिस को इसकी जानकारी होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। वहीं खनन विभाग की ओर से भी अब तक कोई जांच या रोकथाम की कार्रवाई सामने नहीं आई है। अवैध खनन से खेतों की उर्वरता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गहरे गड्ढे बनने से भविष्य में दुर्घटनाएं हो सकती हैं। बरसात के दिनों में इन गड्ढों में पानी भरने से जलभराव और हादसों का खतरा और बढ़ जाएगा। मामले की जानकारी जब एसीपी संत प्रसाद उपाध्याय को दी गई तो उन्होंने कहा कि प्रकरण की जांच कराई जाएगी और तथ्य सही पाए जाने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर अवैध खनन में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।