एम्बुलेंस में फिर गूंजी किलकारी, 102 एंबुलेंस में महिला ने बेटे को दिया जन्म

एम्बुलेंस में फिर गूंजी किलकारी, 102 एंबुलेंस में महिला ने बेटे को दिया जन्म सुल्तानपुर, 28 सितंबर 2026। जनपद में 102 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारी जरूरतमंद मरीजों तक समय पर पहुंचकर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सोमवार को दूबेपुर क्षेत्र में एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर एंबुलेंस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। सुल्तानपुर के प्रोग्राम मैनेजर आशीष सिंह ने बताया कि 102 एंबुलेंस संख्या UP32FG0725 को रसूलपुर गांव निवासी कंचन पत्नी विनोद के प्रसव के लिए भेजा गया था। सूचना मिलते ही ईएमटी उमाशंकर दूबे और एंबुलेंस चालक शैलेंद्र बहादुर मौके पर पहुंचे और महिला को एंबुलेंस में लेकर स्वास्थ्य केंद्र के लिए रवाना हुए। रास्ते में महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ने पर ईएमटी उमाशंकर दूबे ने 102 हेड ऑफिस स्थित इमरजेंसी रिस्पांस सेंटर में संपर्क कर डॉक्टर को महिला की पूरी स्थिति की जानकारी दी। डॉक्टर के निर्देश और एंबुलेंस कर्मियों की तत्परता से एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया। महिला ने बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद जच्चा और बच्चे को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दूबेपुर ले जाकर भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को स्वस्थ बताया। परिवार के सदस्यों ने एंबुलेंस कर्मियों की तत्परता और सहयोग की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान एंबुलेंस कर्मियों की सूझबूझ और समय पर लिए गए निर्णय की भी प्रशंसा की गई।