मूसलाधार बारिश भी नहीं डिगा सकी आस्था,इसौली से बाबा बैद्यनाथ धाम के

मूसलाधार बारिश भी नहीं डिगा सकी आस्था,इसौली से बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुआ सैकड़ों कांवड़ियों का जत्था सुलतानपुर।सावन माह की अटूट आस्था के आगे मूसलाधार बारिश भी बेअसर साबित हुई।बल्दीराय तहसील क्षेत्र के इसौली गांव से सैकड़ों शिवभक्त गाजे-बाजे,हर-हर महादेव और बोल बम के गगनभेदी जयघोष के बीच बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर के लिए रवाना हुए। बारिश के बावजूद शिवभक्तों का उत्साह चरम पर रहा और पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा।यात्रा शुरू होने से पहले इसौली के रामलीला मैदान में भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। बीडीसी राधेश्याम अग्रहरि ने कांवड़ियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। वहीं रूपेश ने गमछों का वितरण किया।सोनू सोनकर एवं रमेश ने अपने आवास पर सभी श्रद्धालुओं के लिए लंच पैकेट की व्यवस्था कर सेवा और श्रद्धा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।श्रद्धालु मुसाफिरखाना रेलवे स्टेशन से देवघर के लिए रवाना हुए। वहां से सुल्तानगंज में उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल भरकर पैदल बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया तथा उनकी सुरक्षित और सफल यात्रा की कामना की।इस अवसर पर रिंकू अग्रहरि, रूपेश, राजेश, अजय, रमेश, बबलू अग्रहरि, साहुल, शिवा, सर्जन, विक्कू, राहुल, सचिन, श्रीराम, रत्नेश, शुभम, घनश्याम, आशीष सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे आयोजन में भक्ति, सेवा और उत्साह का ऐसा संगम देखने को मिला जिसने बारिश के बीच भी शिवभक्तों के अटूट विश्वास को जीवंत कर दिया।