डीएम ने फैमिली आईडी और आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने के

डीएम ने फैमिली आईडी और आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने के दिए निर्देश। 38,736 निर्माण श्रमिकों व उनके परिवारों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता से बनवाएं: डीएम। देवरिया, 29 सितंबर। फैमिली आईडी, आयुष्मान कार्ड तथा निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने को लेकर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में विकास भवन के गांधी सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक हुई। जिलाधिकारी ने सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए कार्य में तेजी लाने तथा विभागों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सोशल सेक्टर से जुड़ी योजनाओं में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर सत्यापन कराते हुए पात्र लाभार्थियों को प्रत्येक दशा में योजनाओं से आच्छादित किया जाए। उन्होंने प्रत्येक विकासखंड के निर्धारित आयुष्मान कार्ड लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने तथा खंड विकास अधिकारियों एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को उप जिलाधिकारियों से समन्वय कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। जीरो पॉवर्टी अभियान के अंतर्गत बीओसीडब्ल्यू में पंजीकृत 38,736 निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवारों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनवाने के निर्देश दिए गए। इसके लिए स्वास्थ्य, श्रम एवं ग्राम्य विकास विभाग को आपसी समन्वय से अभियान चलाने को कहा गया। पात्र श्रमिक आशा, एएनएम, आयुष्मान मित्र, सीएचओ, पीएचसी/सीएचसी तथा ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत सहायक के माध्यम से आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। आयुष्मान कार्ड से पात्र लाभार्थियों को प्रति परिवार प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा मिलती है। डीएम ने फैमिली आईडी एवं फार्मर आईडी के कार्य को भी प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व, विकास एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम बनाकर फैमिली आईडी एवं फार्मर आईडी का कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा पात्र किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित न रहने दिया जाए। संबंधित अधिकारी एवं ग्राम पंचायत स्तर पर तैनात कार्मिक पात्र परिवारों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही आवेदन एवं कार्ड बनवाने में आवश्यक सहयोग प्रदान करें। उन्होंने सभी कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं आयुष्मान नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।