सेवा संकल्प अभियान: पैडलेगंज फ्लाईओवर दीपों से जगमगाया, सांसद रवि किशन ने

सेवा संकल्प अभियान: पैडलेगंज फ्लाईओवर दीपों से जगमगाया, सांसद रवि किशन ने किया दीप प्रज्वलन *गोरखपुर।* सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार शाम पैडलेगंज फ्लाईओवर पर भव्य दीप उत्सव मनाया गया। मुख्य अतिथि सांसद रवि किशन ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उनके साथ विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। शाम ढलते ही फ्लाईओवर दीपों की कतारों से जगमगा उठा। ढोल-नगाड़ों की गूंज और रंग-बिरंगी आतिशबाजी से पूरा माहौल उत्सवमय हो गया। बड़ी संख्या में लोग इस नजारे के साक्षी बने और मोबाइल में तस्वीरें कैद करते दिखे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ, सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी, एडीएम सिटी गजेन्द्र कुमार, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव मौजूद रहे। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पुलिस ने संभाली। सेतु निगम के नोडल परियोजना प्रबंधक ए.के. सिंह अपनी टीम के साथ दीपों की व्यवस्था में जुटे रहे, जबकि सिविल डिफेंस चीफ डॉ. संजीव गुलाटी और अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में टीम ने आयोजन को सुचारू बनाने में सहयोग किया।