हिंदी हमारी शान, हमारी पहचान—शुभांश एकेडेमी में मनाया हिंदी दिवस

घघसरा गोरखपुर । पाली ब्लॉक अंतर्गत शुभांश एकेडेमी तिलौरा में हिंदी दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। विद्यालय परिसर हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान और गौरव की भावना से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने भाषण, कविता पाठ और विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से हिंदी भाषा की महत्ता को उजागर किया। बच्चों ने अपने विचार रखते हुए हिंदी को अपनी पहचान, संस्कार और गौरव का प्रतीक बताया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व, साहित्य और भारतीय संस्कृति में उसके योगदान के बारे में जानकारी दी। विद्यालय के प्रबंधक अमरेन्द्र मिश्रा ने कहा कि हिंदी हमारी भावनाओं, संस्कारों और संस्कृति से जुड़ी भाषा है। इसका सम्मान केवल हिंदी दिवस तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि दैनिक जीवन में भी हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग किया जाना चाहिए। कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यापक पूनम सिंह, बिमलेश राज, मानशी, मंतशा, पूजा, कुमकुम, साक्षी सहित विद्यालय के समस्त अध्यापक-अध्यापिकाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को हिंदी के प्रति गर्व और सम्मान बनाए रखने का संदेश दिया गया।