*रापतपुर में विकास कार्यों पर सवाल: जलभराव और कीचड़ से ग्रामीण बेहाल,

*रापतपुर में विकास कार्यों पर सवाल: जलभराव और कीचड़ से ग्रामीण बेहाल, जल्द समाधान की मांग* बेलघाट/गोरखपुर। विकासखंड बेलघाट की ग्राम सभा रापतपुर में विकास कार्यों की गुणवत्ता और बुनियादी सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कई मार्गों पर सड़क निर्माण सही लेवल पर नहीं होने के कारण हल्की बारिश में भी जलभराव और कीचड़ की गंभीर समस्या पैदा हो जाती है। इससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है, जबकि स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों के अनुसार ग्राम सभा के कई संपर्क मार्ग अब भी मरम्मत और निर्माण की प्रतीक्षा कर रहे हैं। बरसात के मौसम में रास्ते दलदल में तब्दील हो जाते हैं, जिससे आवागमन बाधित रहता है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। उन्होंने संबंधित विभाग और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। वहीं, ग्राम प्रधान श्री राम निषाद ने ग्रामीणों की समस्याओं को स्वीकार करते हुए बताया कि रापतपुर ग्राम सभा का क्षेत्रफल काफी बड़ा है और उपलब्ध बजट के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर अभी जलभराव और सड़क की समस्या बनी हुई है, उन्हें भी प्रस्तावित किया गया है। बजट उपलब्ध होते ही आवश्यक निर्माण और मरम्मत कार्य कराए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। फिलहाल ग्रामीणों की नजर प्रशासन और पंचायत की आगामी कार्रवाई पर टिकी है। अब देखना होगा कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान कब तक हो पाता है।