रेलवे दोहरीकरण के बाद बढ़ी दूरी, छोटा अंडरपास की मांग को लेकर

रेलवे दोहरीकरण के बाद बढ़ी दूरी, छोटा अंडरपास की मांग को लेकर लोगों में नाराजगी जखनियां (गाजीपुर)। मऊ-वाराणसी रेलखंड के दोहरीकरण कार्य के दौरान विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म का विस्तार किया गया। इस प्रक्रिया में रेलवे क्रॉसिंगों की स्थिति और दूरी में भी बदलाव हुआ, जिसका असर अब जखनियां बाजार के लोगों के दैनिक जीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रेलवे स्टेशन के दोनों ओर स्थित क्रॉसिंगों की दूरी बढ़ जाने से उन्हें आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, पहले जखनियां बाजार के बीच स्थित रेलवे क्रॉसिंग से होकर लोग आसानी से तहसील, थाना, बैंक, ब्लॉक कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा अन्य सरकारी एवं निजी संस्थानों तक पहुंच जाते थे। रेलवे दोहरीकरण के बाद क्रॉसिंगों की दूरी दोनों ओर लगभग एक से डेढ़ किलोमीटर तक बढ़ गई है। इससे बाजार और आसपास के गांवों के लोगों को लंबा चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का कहना है कि रेलवे द्वारा प्लेटफॉर्म विस्तार तो कर दिया गया, लेकिन आम जनता की सुविधा के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, विद्यार्थियों और मरीजों को अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों का मानना है कि यदि रेलवे स्टेशन के समीप एक छोटा अंडरपास पुलिया या फुट ओवरब्रिज का निर्माण करा दिया जाए तो हजारों लोगों को राहत मिल सकती है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इस महत्वपूर्ण जनसमस्या को लेकर अब तक किसी भी राजनीतिक दल, जनप्रतिनिधि अथवा स्थानीय पदाधिकारी ने गंभीर पहल नहीं की है। चुनाव के समय जनता के बीच पहुंचने वाले नेता और कार्यकर्ता भी इस मुद्दे पर मौन दिखाई दे रहे हैं। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। नागरिकों ने रेलवे प्रशासन, जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित विभागों से मांग की है कि जखनियां बाजार की इस समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए। उनका कहना है कि छोटा अंडरपास या फुट ओवरब्रिज का निर्माण न केवल लोगों की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि सड़क और रेलवे यातायात को भी अधिक सुरक्षित बनाएगा। क्षेत्रीय जनता को अब उम्मीद है कि उनकी इस लंबे समय से चली आ रही मांग पर जल्द सकारात्मक पहल होगी।