करंट हादसे के मृतक के परिजनों से मिले अधिवक्ता प्रशांत त्रिपाठी, हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा

सहजनवा (गोरखपुर)। सहजनवा थाना क्षेत्र के भीमापार गांव में टिल्लू पंप से स्नान के दौरान करंट लगने से हुई राजेश कुमार शुक्ल की मौत के बाद गांव में शोक की लहर है। रविवार को भारत सरकार के सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता प्रशांत त्रिपाठी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। बताया गया कि भीमापार निवासी 54 वर्षीय राजेश कुमार शुक्ल, पुत्र शिव प्रसाद शुक्ल, रविवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे घर पर लगे टिल्लू पंप से स्नान करने गए थे। जैसे ही उन्होंने बिजली का स्विच ऑन किया, वह करंट की चपेट में आ गए। परिजन उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। उनकी असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने पर भारत सरकार के सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता प्रशांत त्रिपाठी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह परिवार के साथ खड़े हैं और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग करेंगे।