करोड़ों की मरम्मत के बाद भी मौदहा बांध के छह फाटक नहीं हुए बंद, घंटों जूझते रहे अधिकारी

मुस्करा, हमीरपुर। मौदहा बांध में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब बांध के छह फाटक बंद कराने में अधिकारियों और कर्मचारियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। प्रयासों के बावजूद सभी फाटक समय पर बंद नहीं हो सके और पानी लगातार बहता रहा। मौदहा बांध, जिसे स्वामी ब्रह्मानंद बांध के नाम से भी जाना जाता है, में सामने आई इस तकनीकी समस्या ने पूर्व में कराए गए मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि फाटकों की मरम्मत पर बड़ी धनराशि खर्च की गई, इसके बावजूद संचालन में दिक्कत सामने आ रही है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की तकनीकी जांच कराने और मरम्मत कार्य में खर्च सरकारी धन का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है। उन्होंने सिंचाई विभाग के संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की मांग की। अब सवाल यह है कि मरम्मत के बाद भी फाटक समय पर क्यों नहीं बंद हो सके। मामले की विभागीय जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।