Bansgaon Sandesh
Login
Anup Singh Rudrapur
Deoria२० मिनट पहले

वृद्धा की बेशकीमती जमीन हड़पने का आरोप, न्याय की गुहार लेकर डीएम कार्यालय पहुंची पीड़िता

वृद्धा की बेशकीमती जमीन हड़पने का आरोप, न्याय की गुहार लेकर डीएम कार्यालय पहुंची पीड़िता देवरिया। जिले की एक वृद्ध एवं दिव्यांग महिला ने अपनी बेशकीमती जमीन कथित रूप से हड़पे जाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। मामला तहसील रुद्रपुर क्षेत्र के ग्राम भृगुसरी निवासी श्रीमती कैलाशी देवी पत्नी रामपति से जुड़ा है, जिन्होंने कुछ लोगों पर धोखे से उनकी लाखों रुपये मूल्य की भूमि अपने नाम कराने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, उनकी भूमि गाटा संख्या 832, रकबा 0.328 हेक्टेयर, तप्पा नगवाटीकर, परगना सिलहट, तहसील रुद्रपुर, जिला देवरिया में स्थित है। आरोप है कि उक्त भूमि में से 0.152 हेक्टेयर रकबे को मुन्ना निषाद पुत्र विश्वनाथ, पंकज निषाद पुत्र मुन्ना निषाद तथा अभिषेक कुमार पुत्र मदनलाल निवासी ग्राम दीवान पोखरा, थाना गौरी बाजार, जिला देवरिया द्वारा कथित रूप से हड़प लिया गया है। कैलाशी देवी का आरोप है कि उन्हें गुमराह कर बिना किसी उचित प्रतिफल के उनकी भूमि की रजिस्ट्री करा ली गई। जब उन्हें पूरे प्रकरण की जानकारी हुई और उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपितों द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। पीड़िता ने आशंका जताई है कि उक्त भूमि को ऊंचे दामों पर किसी अन्य व्यक्ति को बेचने की तैयारी की जा रही है। न्याय की आस लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची महिला ने प्रशासन से अपनी जान-माल की सुरक्षा तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि वृद्ध एवं दिव्यांग होने के कारण वह अपना पक्ष प्रभावी ढंग से नहीं रख पा रही हैं, जिसका लाभ उठाकर प्रभावशाली लोग उनकी संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर उसकी शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया, तो उनके साथ कोई अप्रिय घटना भी घट सकती है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। मामला जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचने के बाद प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। अधिकारियों ने प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, क्षेत्र में भी इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और लोग एक असहाय वृद्ध एवं दिव्यांग महिला की संपत्ति की सुरक्षा को लेकर तरह तरह के प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं।

1 likes
0 comments1 shares