*वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक

*वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलेगा चौपाल कार्यक्रम* *गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता कर पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज ने कहा—कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए गांव-गांव तक पहुंचाएंगे अभियान* गोरखपुर।अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से नियुक्त ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चला रही है। मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों के बीच पार्टी का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज रहे और कोई भी नागरिक अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न हो। इस अभियान को गांव-गांव, गली-गली और प्रत्येक मतदान केंद्र तक पहुंचाया जाएगा। गुरुवार को गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में अनिल भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के नेतृत्व में चल रहा ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और उनके इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को उठाए गए सवालों का पारदर्शी और तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए। अनिल भारद्वाज ने बताया कि 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक देशभर में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ चौपाल अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत गांवों और शहरी क्षेत्रों में जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके बाद जिला और ब्लॉक स्तर पर बैठकें की जाएंगी। बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों और नाम हटाए जाने से संबंधित शिकायतों की जांच की जाएगी। महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों, आम नागरिकों और पंचायत प्रतिनिधियों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने या गलत दर्ज होने की शिकायतें सामने आएंगी, उन्हें आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर नियमानुसार आपत्ति दर्ज कराने और नाम जुड़वाने की प्रक्रिया में सहायता दी जाएगी। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर के कांग्रेस पदाधिकारियों को सक्रिय किया जा रहा है। केंद्रीय पर्यवेक्षक विभिन्न जिलों का दौरा कर संगठन की तैयारियों की समीक्षा करेंगे और स्थानीय कार्यकर्ताओं तथा प्रभावित मतदाताओं से संवाद करेंगे। पूर्व विधायक ने बताया कि एक नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ प्रस्तावित महारैली की तैयारियां भी की जाएंगी। इसके अलावा 25 और 26 नवंबर को प्रस्तावित ‘दिल्ली चलो’ अभियान में कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर मतदाताओं को जागरूक करेंगे और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए सहायता उपलब्ध कराएंगे। लोकतंत्र की मजबूती, संविधान की रक्षा और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार का संरक्षण कांग्रेस की प्राथमिक प्रतिबद्धता है। प्रेसवार्ता में राजेश कुमार तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।