रुद्र महायज्ञ के दूसरे दिन अरणी मंथन से प्रज्ज्वलित हुई यज्ञाग्नि 108

रुद्र महायज्ञ के दूसरे दिन अरणी मंथन से प्रज्ज्वलित हुई यज्ञाग्नि 108 ब्राह्मणों का पूजन कर विधायक राजेश त्रिपाठी ने लिया आशीर्वाद बड़हलगंज। उपनगर के सरयू तट स्थित मुक्तिपथ परिसर में आयोजित पितृ तृप्ति रुद्र महायज्ञ एवं सरयू अमृत महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अरणी मंथन कर यज्ञाग्नि प्रज्ज्वलित की गई। विद्वान ब्राह्मणों की उपस्थिति में यज्ञ की विधिवत शुरुआत हुई। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम के आयोजक एवं अध्यक्ष चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी ने कार्यक्रम संयोजक तथा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि महेश उमर के साथ 108 ब्राह्मणों का माल्यार्पण एवं पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर विधायक राजेश त्रिपाठी ने कहा कि भगवान मंत्रों के अधीन हैं और मंत्र ब्राह्मणों के अधीन माने जाते हैं। ब्राह्मणों की प्रसन्नता और उनका आशीर्वाद ईश्वर के आशीर्वाद के समान फलदायी होता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक अनुष्ठान भारतीय संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का माध्यम हैं। रुद्र महायज्ञ एवं सरयू अमृत महोत्सव के आयोजन से मुक्तिपथ परिसर में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है। यज्ञ में वैदिक परंपराओं के अनुसार अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं।