पीड़ित परिजनों से मिलने जा रहे करुणेश पांडेय हाउस अरेस्ट

चौरीचौरा गोरखपुर।जनपद के सिकरीगंज थाना क्षेत्र में शिवकुमार तिवारी की हत्या के मामले में पीड़ित परिजनों से मुलाकात करने जा रहे विश्व हिंदू कल्याण परिषद् के राष्ट्रीय संयोजक एवं अखिल भारतीय ब्राह्मण जनकल्याण समिति के राष्ट्रीय महामंत्री करुणेश पांडेय को चौरीचौरा पुलिस ने रामपुर रकबा स्थित उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर लिया। श्री पाण्डेय पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी लेने तथा परिजनों को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन के समक्ष अपनी मांग रखने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस उनके आवास पर पहुंची और उन्हें बाहर जाने से रोक दिया। हाउस अरेस्ट की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में एकत्रित हुए संगठन के कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी गई। करुणेश पांडेय ने प्रशासन से मांग की कि हत्याकांड में शामिल सभी दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाए। उन्होंने दोषियों के अवैध निर्माणों की जांच कर नियमानुसार बुलडोजर कार्रवाई किए जाने की भी मांग की। श्री पांडेय ने कहा कि यूपी में बुलडोजर भी अब जाति देखकर चलाया जा रहा है, उन्होंने पीड़ित परिवार को उच्चस्तरीय सुरक्षा, एक करोड़ की आर्थिक सहायता और शीघ्र न्याय दिलाने की मांग करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना हमारा सामाजिक दायित्व है और हाउस अरेस्ट किए जाने के बावजूद न्याय की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध बिना किसी दबाव के कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।