फर्जी अस्पताल खोलकर बीमा धन हड़पने वाले गैंग का सदस्य गिरफ्तार रामगढ़ताल
फर्जी अस्पताल खोलकर बीमा धन हड़पने वाले गैंग का सदस्य गिरफ्तार रामगढ़ताल पुलिस ने वांछित आरोपी को दबोचा, नेटवर्क की जांच जारी गोरखपुर। संगठित अपराधों पर शिकंजा कसते हुए रामगढ़ताल पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी तरीके से अस्पताल संचालित कर हेल्थ इंश्योरेंस के नाम पर धोखाधड़ी कर लाखों रुपये हड़पने का आरोप है। पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक सुनील यादव और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त अफजल अंसारी पुत्र यूनुस अंसारी निवासी नर्रे बुजुर्ग थाना गगहा, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर संगठित रूप से फर्जी अस्पताल खोलते थे और लोगों को इलाज के नाम पर भर्ती दिखाकर हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों से धनराशि प्राप्त कर लेते थे। जांच में सामने आया कि कई मामलों में मरीजों का वास्तविक इलाज किए बिना ही बीमा क्लेम कर रकम हड़प ली जाती थी। इस तरह यह गिरोह सुनियोजित तरीके से आम लोगों और बीमा कंपनियों को चूना लगा रहा था। इसी तरह की आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए थाना रामगढ़ताल में आरोपी के खिलाफ यूपी गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें वह वांछित चल रहा था। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अफजल अंसारी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ पूर्व में भी धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें थाना रामगढ़ताल में वर्ष 2025 के दो अलग-अलग मामलों के साथ-साथ वर्ष 2026 में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा शामिल है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुनील यादव और उपनिरीक्षक हरिओम सिंह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अस्पताल या संस्था में इलाज कराने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।