जिलाधिकारी ने सोशल सेक्टर की योजनाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश।

जिलाधिकारी ने सोशल सेक्टर की योजनाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश । देवरिया, 25 सितंबर। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में आज सोशल सेक्टर से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक गूगल मीट के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में समाज कल्याण विभाग सहित दिव्यांग कल्याण पिछड़ा वर्ग कल्याण और अल्पसंख्यक कल्याण योजना से संबंधित संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आगामी 12, 14 एवं 16 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित सामूहिक विवाह कार्यक्रम के लिए निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने पात्र जोड़ों का चिन्हांकन, आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन तथा योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने की कार्यवाही निर्धारित समय में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। संबंधित अधिकारी पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन कर उन्हें योजनाओं से आच्छादित करें तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को अनावश्यक रूप से योजना के लाभ से वंचित न किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए प्रगति में आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में समाज कल्याण विभाग के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी गूगल मीट के माध्यम से उपस्थित रहे।