आबकारी गोदामों का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, आबकारी नियमों के अनुसार

आबकारी गोदामों का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, आबकारी नियमों के अनुसार गोदामों का संचालन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश। गोदाम परिसर में प्रत्येक दशा में साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश। देवरिया 24 सितंबर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज सोनूघाट एवं तहसील स्थित आबकारी गोदाम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टॉक का मिलान करने के साथ ही कार्यरत कर्मचारियों से पूछताछ कर उनके संबंध में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने सोनूघाट स्थित देशी, विदेशी मदिरा एवं बीयर के लिए अनुज्ञापित तीनों गोदामों के स्टॉक का जायजा लिया। इस दौरान मिलान में स्टॉक की उपलब्धता अभिलेखों के अनुसार सही पाई गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्टॉक की उपलब्धता प्रत्येक दशा में अभिलेखों के अनुसार सुनिश्चित हो तथा गोदाम का संचालन नियमानुसार किया जाए। साथ ही परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर शिथिलता अथवा लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सोनूघाट स्थित गोदाम के निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने तहसील स्थित आबकारी गोदाम परिसर का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने गोदाम में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ ही सभी आवश्यक सुरक्षा उपायों को अपनाते हुए गोदाम का संचालन करने के निर्देश दिए। आबकारी गोदाम के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोदाम में साफ-सफाई, अभिलेखों के अनुसार स्टॉक की उपलब्धता एवं नियमानुसार गोदाम का संचालन होना पाया। जिलाधिकारी ने कहा कि आबकारी गोदामों का रखरखाव, सुरक्षा एवं साफ-सफाई प्रत्येक दशा में प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित की जानी चाहिए। इस संबंध में किसी भी स्तर पर कोई कमी अथवा लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की कमी अथवा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।