Bansgaon Sandesh
Login
S
Azamgarh४० मिनट पहले

लोहिया के विचार आज भी सामाजिक न्याय और समानता की लड़ाई में प्रासंगिक : हवलदार यादव

लोहिया के विचार आज भी सामाजिक न्याय और समानता की लड़ाई में प्रासंगिक : हवलदार यादव

आजमगढ़। समाजवादी चिंतक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर सोमवार, 12 अक्टूबर को समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया का पूरा जीवन अन्याय, शोषण, गरीबी और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष को समर्पित रहा। उन्होंने जर्मनी के बर्लिन विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की थी। महात्मा गांधी के विचारों से प्रभावित लोहिया ने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई और वर्ष 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. लोहिया ने सप्तक्रांति का विचार प्रस्तुत कर स्त्री-पुरुष समानता, जातिगत भेदभाव का अंत, रंगभेद का विरोध, आर्थिक विषमता दूर करने, अन्यायपूर्ण व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष, किसानों के हितों की रक्षा और भारतीय भाषाओं को सम्मान दिलाने पर जोर दिया। उनके नारे ‘जिंदा कौमें पांच साल इंतजार नहीं करतीं’ और ‘अंग्रेजी हटाओ, देश बचाओ’ आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने गरीबों, पिछड़ों और वंचितों को संगठित कर सामाजिक न्याय की लड़ाई को नई दिशा दी। विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि डॉ. लोहिया प्रखर वक्ता और समाजवादी विचारक थे। उनके विचार आज भी देश को दिशा देने वाले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी और दमन के खिलाफ आवाज उठाने वालों के प्रदर्शनों को पुलिस के माध्यम से दबाया जा रहा है। महिलाओं की अस्मिता से खिलवाड़ और लोगों की गिरफ्तारियों की घटनाएं लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और पिछड़ों-दलितों के आरक्षण के प्रबल समर्थक डॉ. लोहिया आज और अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। कार्यक्रम का संचालन सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव ने किया। इस अवसर पर विधायक अखिलेश यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व सांसद नंद किशोर यादव, जयराम सिंह पटेल, नरेंद्र पासवान, डॉ. हरिराम यादव, प्रेमा यादव, सूरज राजभर, संतोष कुमार गौतम, पूर्व प्रमुख सुशील कुमार आनंद, संदीप कुमार यादव, डॉ. धनराज यादव, ईश्वर चंद यादव, मनोज कुमार यादव, वीरू यादव, शिवसागर यादव, सिंगारी गौतम, वसीम अहमद, संदीप रजत सेठ, देवनाथ साहू, आनंद यादव, इंजीनियर अभिषेक यादव, बाबूराम यादव, काली प्रसाद यादव, कन्हैया यादव, अमरनाथ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

0 likes
0 comments1 shares