ब्रेकिंग: आजम खान पर फिर शिकंजा, रामपुर जिला जेल पहुंची ED की

ब्रेकिंग: आजम खान पर फिर शिकंजा, रामपुर जिला जेल पहुंची ED की टीम रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती दिख रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम मंगलवार सुबह 9:10 बजे रामपुर की जिला जेल पहुंची और आजम खान से पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक ED की चार सदस्यीय टीम लखनऊ से रामपुर पहुंची है। जेल रजिस्टर में एंट्री कराने के बाद टीम सीधे जेल के अंदर आजम खान की बैरक में पहुंची, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। जौहर यूनिवर्सिटी में करोड़ों के खर्च और चंदे का है मामला यह पूछताछ मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय और उससे जुड़े मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट के वित्तीय लेन-देन की जांच के सिलसिले में की जा रही है। ED यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ट्रस्ट को करोड़ों रुपये की धनराशि कहां से मिली, चंदे का स्रोत क्या था और इसे किन माध्यमों से विश्वविद्यालय तक पहुंचाया गया। एजेंसी जौहर विश्वविद्यालय और ट्रस्ट को मिले चंदे के स्रोत, निर्माण कार्यों पर खर्च की गई रकम के ब्योरे की भी पड़ताल कर रही है। इसके अलावा कंपनियों, फर्मों, ठेकेदारों और ट्रस्ट के बीच हुए लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। करीबियों से पूछताछ के बाद अब आजम से सवाल ED आजम खान से पहले जौहर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जहीरुद्दीन, उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट दीपक गोयल, ठेकेदारों और अन्य करीबियों से पूछताछ कर चुकी है। सपा विधायक नसीर अहमद खान से भी इस मामले में सवाल-जवाब किए गए हैं। अब एजेंसी उन बयानों और दस्तावेजों के आधार पर आजम खान से जानकारी जुटा रही है। अगस्त में 10 ठिकानों पर हुई थी छापेमारी बता दें कि ED ने 19 अगस्त को रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली में जौहर ट्रस्ट, विश्वविद्यालय और आजम खान से जुड़े 10 ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस दौरान वित्तीय लेन-देन, चंदे और निर्माण कार्यों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए थे। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए ED ने जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू की थी।