पंडिताइन लव स्टोरी’ फिल्म को लेकर बढ़ा विवाद, गोरखपुर में सपा नेत्री

पंडिताइन लव स्टोरी’ फिल्म को लेकर बढ़ा विवाद, गोरखपुर में सपा नेत्री काजल निषाद के पति समेत चार पर मुकदमा गोरखपुर। ‘पंडिताइन लव स्टोरी’ नामक फिल्म को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कैंट पुलिस ने सपा नेत्री काजल निषाद के पति संजय निषाद, अभिनेता सोमलाल यादव समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामला फिल्म के नाम और कथित आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर सामने आया है। जानकारी के अनुसार, गोला बाजार क्षेत्र के डाड़ी बाजार निवासी हर्ष मिश्र की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कुछ लोग ब्राह्मण समाज के नाम का इस्तेमाल कर ऐसी फिल्म बना रहे हैं जिससे समाज की भावनाएं आहत हो रही हैं। पुलिस ने फिल्म निर्माण से जुड़े रविंद्र निषाद और राम सज्जन निषाद को भी आरोपी बनाया है। बताया जा रहा है कि 16 अप्रैल 2026 को गोरखपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर फिल्म के नाम का अनावरण किया गया था, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी। इससे पहले भी ‘घूसखोर पीड़ित’ नामक फिल्म को लेकर विवाद हो चुका है। ब्राह्मण समाज ने उस फिल्म के नाम और कंटेंट पर आपत्ति जताई थी और मामले में लखनऊ में मुकदमा भी दर्ज हुआ था। वहीं, संजय निषाद ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनका फिल्म से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है। उनका कहना है कि वर्ष 2018 के बाद उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से दूरी बना ली थी। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म निर्माता सोमलाल यादव उनके पुराने परिचित हैं और प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होना उनकी भूल थी। संजय निषाद ने कहा कि उनकी पत्नी काजल निषाद स्वयं ब्राह्मण परिवार से हैं और वे ब्राह्मण समाज का सम्मान करते हैं। उधर, कोटिल्य परिषद ने भी फिल्म को लेकर कड़ी आपत्ति जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।