Bansgaon Sandesh
Login
H
Gorakhpurलगभग २ घंटे पहले

युवाओं में राष्ट्रभाव और समाज सेवा की भावना जगाना जरूरी : दीपक विस्पुते

युवाओं में राष्ट्रभाव और समाज सेवा की भावना जगाना जरूरी : दीपक विस्पुते

बड़हलगंज। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गोरखपुर के तत्वावधान में शहीद राजा हरि प्रसाद मल्ल राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के सभागार में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका, सामाजिक जिम्मेदारियों और देश के प्रति कर्तव्य के लिए जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता दीपक विस्पुते ने भगवान श्रीराम के जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम ने समाज को संगठित करने और लोगों को जोड़ने का संदेश दिया। उन्होंने अपने कर्तव्य, मातृभूमि और समाज की सुरक्षा के लिए संघर्ष किया। उनके जीवन से समाज को एकजुट रहने, कर्तव्य के प्रति समर्पित रहने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज को संगठित और मजबूत बनाने में सकारात्मक भूमिका निभाएं। देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों के बलिदान को याद करते हुए देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि शहीदों के बलिदान का सच्चा सम्मान तभी होगा, जब युवा राष्ट्रहित को अपने जीवन में प्राथमिकता देंगे और देश की प्रगति में ईमानदारी से योगदान करेंगे। कार्यक्रम में युवाओं ने राष्ट्र निर्माण, समाजसेवा और देश के प्रति जिम्मेदारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया। कार्यक्रम का संचालन वेद व्रत मिश्र ने किया। समापन वंदे मातरम् गीत के साथ हुआ। इस अवसर पर विधायक राजेश त्रिपाठी, चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर, गुलाब जी, मनोज जी, रामदेव जी, सत्यम जी, मुन्ना जी, ओमप्रकाश, कृष्ण कुमार राय, राजकुमार निगम, अजय सोनी, दीपक शर्मा, मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर राजेश कुमार वर्मा सहित शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

1 likes
0 comments0 shares