*तीन दिन की बारिश ने किसानों पर बरपाया कहर: हरैडाड़ में फसलें

*तीन दिन की बारिश ने किसानों पर बरपाया कहर: हरैडाड़ में फसलें बर्बाद, मुआवजे की मांग* सिकरीगंज/गोरखपुर। गोरखपुर जिले के दक्षिणांचल स्थित सिकरीगंज क्षेत्र में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। ग्राम पंचायत हरैडाड़ में खेतों में पानी भर जाने से कई किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसान जगदीश ओझा और महेंद्र ने बताया कि उन्होंने करीब 20 हजार रुपये की लागत से फसल की बुआई की थी। लगातार बारिश के कारण पूरी फसल पानी में डूब गई और अब उससे उत्पादन की उम्मीद लगभग खत्म हो गई है। किसान जगदीश ओझा ने बताया कि फसल नुकसान की सूचना क्षेत्र के लेखपाल को दे दी गई है। लेखपाल ने खेतों का निरीक्षण कर सरकारी नियमों के अनुसार नुकसान का आकलन कराने तथा सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है। ग्रामीण किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सके।