सुलतानपुर। महाराणा प्रताप की प्रतिमा अनावरण समारोह में पहुंचे पूर्व सांसद व

सुलतानपुर। महाराणा प्रताप की प्रतिमा अनावरण समारोह में पहुंचे पूर्व सांसद व वरिष्ठ भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने सामाजिक समरसता,आरक्षण और सर्व समाज को साथ लेकर चलने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में सर्व समाज और गुमनाम शहीदों का बड़ा योगदान रहा,लेकिन इतिहास में कई बलिदानों को भुला दिया गया।आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वह आरक्षण के विरोधी नहीं हैं,लेकिन सवाल यह है कि गांव के अंतिम पायदान पर खड़े गरीब और जरूरतमंद लोगों तक इसका पूरा लाभ कब पहुंचेगा।उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों तक योजनाओं और अधिकारों का लाभ पहुंचना चाहिए।क्षत्रिय समाज को संबोधित करते हुए बृजभूषण ने कहा कि यदि सर्व समाज को साथ लेकर चला जाएगा तभी समाज का सम्मान और प्रभाव कायम रहेगा। उन्होंने ब्राह्मण समाज से कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और उन्हें अग्रिम पंक्ति में स्थान देने की अपील भी की।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ,सबका विकास के मंत्र को भगवान राम की परंपरा से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की परंपरा रही है।उन्होंने कहा कि पहले गांव में किसी एक घर में उत्सव होता था तो पूरे समाज में खुशी मनाई जाती थी।मंच से उन्होंने हिंदू समाज के सभी वर्गों को जोड़ने और सामाजिक सौहार्द मजबूत करने का आह्वान किया।